अस्पताल में भर्ती अपने बीमार बेटे को देखने के लिए घर से निकली लोबर कालाबड़ निवासी एक महिला रहस्यमय हालात में लापता हो गई। इस संबंध में महिला के पति ने कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
कालाबड़ निवासी मनोज रावत ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई थी। उसे राजकीय संयुुक्त चिकित्साल कोटद्वार में भर्ती करवाया गया था। 14 दिसंबर की रात पोते की देखभाल के लिए उनकी मां अस्पताल में ही रुक गई। अगले दिन 15 दिसंबर को सुबह करीब नौ बजे उसकी पत्नी पूनम देवी बेटे को देखने के लिए घर से अस्पताल के लिए निकली, लेकिन दोपहर तक भी अस्पताल नहीं पहुंची।
आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर भी उसका कुछ पता नहीं चल पाया। कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने बताया कि पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सीओ को किया सम्मानित
कोटद्वार। शहर को नशा मुक्त करने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए ब्रिज आफ होप संस्था की ओर से पुलिस क्षेत्राधिकारी जेआर जोशी को सम्मानित किया गया।
शनिवार को पटेल मार्ग स्थित एक बारात घर में आयोजित कार्यक्रम में संस्था की सदस्य ऐस्तर दास ने कहा कि बीते कुछ समय पूर्व शहर में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ने लगा था। नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अपने निजी स्वार्थ के लिए युवाओं को अपना शिकार बना रहे थे।
पुलिस ने युवाओं को जागरूक करने और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। इसके बाद शहर में काफी हद तक नशे का कारोबार बंद हो गया है। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह चौहान, अमित शैमुएल, विकास मेंसल, फादर पायस आदि मौजूद थे।