कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत जौरासी में नवनिर्मित मिनी सचिवालय पंचायत भवन का लोकार्पण समारोहपूर्वक किया गया। पंचायत भवन ग्राम पंचायत के प्रशासनिक कार्यों, बैठकों और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों के संचालन में उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि मिनी सचिवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्राम विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पंचायत के कार्यों के संचालन और ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पंचायत भवन के निर्माण के लिए निजी भूमि दान करने वाले नौ परिवारों के योगदान की सराहना की गई। इनमें कलीराम कुकरेती, वेद प्रकाश कुकरेती, सीला देवी कुकरेती, शशिकांत कुकरेती, पंकज कुकरेती, राकेश कुकरेती, राजेश कुकरेती, कांति देवी कुकरेती और कांता देवी कुकरेती शामिल हैं। इन परिवारों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में भूमि दान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भूमि दानदाता वेद प्रकाश कुकरेती ने की। इस मौके पर ग्राम प्रधान चंडी प्रसाद कुकरेती, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमन कोटनाला, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत बहुखंडी, जिला पंचायत सदस्य प्रमिला देवी बलूनी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) जयदीप रावत मौजूद रहे।