सातवां वेतनमान देने और विभागीय संविदा में रखे जाने मांग को लेकर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय लैंसडौन के सभी कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। उन्होंने कार्यालय के समक्ष प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना दिया।
सोमवार को कर्मचारी नेता भारत भूषण बलूनी के नेतृत्व में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय लैंसडौन के कर्मचारी कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि वे लंबे समय से सातवें वेतनमान एवं विभागीय संविदा पर रखे जाने की जायज मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। सातवां वेतनमान नहीं मिलने के कारण महंगाई के इस दौर में उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामान करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से उनकी जायज मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही मांग पूरी नहीं होने तक कार्यबहिष्कार कर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष भारत भूषण बलूनी, बाल कृष्ण, राजे सिंह, चंद्रमोहन सिंह, विक्रम सिंह बिष्ट, गिरीश चंद्र कुकरेती, भगत सिंह गुसाई आदि मौजूद थे। संवाद