हिमालय की शिवालिक पहाड़ियों की तलहटी में बसा कोटद्वार भाबर दो दिन से घने कोहरे के आगोश में है। ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात से निचले इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है। कड़ाके की सर्दी में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और काश्तकारों के लिए बनी हुई है।
शुक्रवार को दोपहर दो बजे तक भाबर के ग्रामीण अंचलों में छाए कोहरे के कारण सड़क, खेत खलिहानों में कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। सड़कों पर वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि पारा लुढ़ककर तीन से पांच डिग्री तक रहा। शुक्रवार दिन में तापमान आठ से नौ डिग्री तक रहा। कोहरे के कारण बाहर निकले लोगों को दिन में भी अलाव का सहारा लेना पड़ा। नगर निगम की ओर से 20 दिसंबर से अलाव की व्यवस्था करने की बात कही गई है। ब्यूरो