थलीसैंण ब्लाक के कंडारस्यूं पट्टी के खंडमल्ला गांव के पास स्थित किसोड़ा गदेरे के उफान पर आने से मैक्स पलट गई। गनीमत रही सवारियां बाल-बाल बच गईं। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत चार लोग सवार थे। चालक ने वाहन से बमुश्किल बाहर आकर क्षेत्र पंचायत सदस्य जयप्रकाश को फोन से हादसे की सूचना दी।
घटनाक्रम के अनुसार सोमवार सुबह करीब दस बजे किसोड़ा गदेरे के पास पानी के तेज बहाव को देखकर मैक्स चालक संग्राम सिंह घबरा गया। संतुलन बिगड़ने से वाहन सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही पानी के बहाव में वाहन नहीं बहा। वाहन में सवार उमराव सिंह, शोबत सिंह, वीर सिंह और चालक घबरा गए। सवारियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने जैसे-तैसे बाहर निकलकर हादसे की सूचना जिला पंचायत सदस्य जयप्रकाश को दी। क्षेत्र पंचायत सदस्य जयप्रकाश, भूपेंद्र सिंह नेगी और स्थानीय निवासी अनिल सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने घायलों को पीएचसी पैठाणी पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को घरों को भेज दिया गया।