द्वारीखाल ब्लॉक की पट्टी बिचला ढांगू के एक गांव की किशोरी के अपहरण के आरोप में राजस्व पुलिस ने एक मैक्स चालक को गिरफ्तार किया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण और एससीएसटी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को लैंसडौन न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे चौदह दिन की न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है। किशोरी का अभी कोई पता नहीं चल सका है। राजस्व पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
लैंसडौन तहसील के पट्टी बिचला ढांगू के पटवारी कांता प्रसाद ने बताया कि लापता किशोरी के पिता की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहरीर में हतनूड़ निवासी मैक्स स्वामी और चालक सूरत सिंह पर उनकी बेटी का अपहरण का संदेह जताया गया है। तहरीर के मुताबिक गत 17 फरवरी को सूरत सिंह उनके घर में एक थैला लेकर आया था, जिसमें शराब की बोतलें रखी हुई थी। सूरत सिंह ने यह थैला घर में रखने की बात कही, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। इसी बात से सूरत सिंह बौखला गया और उनके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौच और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने लगा।
इस दौरान उसने उनकी नाबालिग बेटी के अपहरण की धमकी दी और वहां से चला गया। इस बात की शिकायत दर्ज कराने के लिए वह 22 फरवरी को राजस्व पुलिस के पास गए। शाम को वापस घर पहुंचे तो उनकी बेटी घर पर नहीं थी। बेटी की काफी खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चला। इस दौरान जब वे गांव के पास के बाजार और मेन रोड पर पूछताछ के लिए गए तो कुछ लोगों ने बताया कि उनकी बेटी सूरत सिंह के मैक्स वाहन में बैठी थी।
परिजनों की तहरीर और जांच के बाद राजस्व पुलिस ने 23 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर कोटद्वार से आरोपी को उसके वाहन समेत दबोच लिया। शुक्रवार को आरोपी को लैंसडौन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे पौड़ी जेल भेजने के आदेश हुए। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि अपहृत किशोरी का मोबाइल नंबर ट्रेस किया जा रहा है।