खूनीबड़ वार्ड में बुधवार तड़के एक महिला का शव उसके घर में चुन्नी के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंखे से उतारकर कब्जे में लिया। पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
एसआई भावना भट्ट ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत खूनीबड़ बाखल निवासी बेबी (36) पत्नी लेखराज एक प्राइवेट स्कूल में आया का काम करती थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का है।
उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि मंगलवार रात को खाना खाने के बाद बेबी एक कमरे में अपनी बेटी के साथ सो गई थी। घटना का पता तब चला जब उसकी बड़ी बेटी महिमा की तड़के तीन बजे नींद खुली। उसने मां को पंखे से लटका देखा तो इसकी सूचना फोन पर पिता को दी।
घटना के वक्त लेखराज घर पर नहीं था। बताया जा रहा है कि बेबी की शादी लेखराज से 17 साल पहले हुई थी और दोनों के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद