कोटद्वार/लैंसडौन। विकासखंड रिखणीखाल के ग्राम किमगांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए राजस्व पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है।
ग्राम कांडानाला (खेड़ा) पट्टी पैनो रिखणीखाल निवासी गबर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी सरिता (22) की शादी तीन वर्ष पहले किमगांव निवासी चंद्र सिंह से हुई थी। काफी समय से ससुरालियों का उसके साथ विवाद चल रहा था। बीती 27 जनवरी को सरिता के बेटे का पहला जन्मदिन था। इसमें शामिल होने के लिए उनका छोटा बेटा भी सरिता के घर गया हुआ था। उस दिन भी ससुरालियों का उनकी बेटी के साथ काफी झगड़ा हुआ। बताया कि बीते रविवार की सुबह बेटी के ससुरालियों ने उसकी मौत की खबर दी, जिस पर उन्हें संदेह है।
इडियाकोट मल्ला-पांच के पटवारी मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि सूचना मिलते ही रविवार को ही उन्होंने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पंचनामा भरकर घटनास्थल का मुआयना किया गया। सोमवार को कोटद्वार सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। उधर, विवाहिता के जीजा शरत सिंह रावत ने बताया कि सरिता की मौत 28 जनवरी की रात हुई थी, लेकिन ससुरालियों ने 29 जनवरी की सुबह नौ बजे मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी। निष्पक्ष जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।