श्रीदेव सुमन विवि के छात्रों को वार्षिक परीक्षा के छह माह बाद भी अंकतालिकाएं नहीं मिल पाई हैं। ऐसे में छात्र अगली कक्षाओं व प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। वहीं विवि का कहना है मानवीय संसाधनों की कमी से अंकतालिकाएं उपलब्ध कराने में समय लग रहा है।
श्रीदेव सुमन विवि की वार्षिक परीक्षाएं जून माह में हुई थी। परीक्षा परिणाम नेट पर अक्तूबर माह में उपलब्ध करा दिया गया था। बावजूद इसके अब तक छात्रों को अंकतालिका उपलब्ध नहीं हो पाई है। विवि के बीकॉम अंतिम वर्ष के छात्र सुरजीत सिंह ने कहा कि अंकतालिका उपलब्ध नहीं होने से वह प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। उनका कहना है कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से समूह ग के पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। उसमें स्नातक अर्हता वाले पदों में स्नातक अंतिम वर्ष की अंक तालिका की सूचना मांगी गई है। श्रीदेव सुमन विवि के छात्रों को अंकतालिका निर्गत नहीं करा सका। ऐसे में इन पदों के लिए आवेदन नहीं कर पाया। वहीं विवि के सहायक कुलसचिव परीक्षा त्रेपन सिंह पुंडीर का कहना है कि विवि के पास मानवीय संसाधनों की कमी होने से अंकतालिका उपलब्ध कराने में देर हो रही है। उन्होंने कहा कि छात्र विवि मुख्यालय से प्रोविजनल अंकतालिका प्राप्त कर सकते हैं।