दुगड्डा ब्लाक के सीला गांव में अधिकांश ग्रामीण एक सप्ताह से बुखार, खांसी, जुकाम से पीड़ित हैं। ग्राम सभा में बना उप केंद्र बंद होने से बीमार लोगों को उपचार नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में टीम भेजने की मांग की।
दुगड्डा ब्लाक के सीला गांव में एक सप्ताह से 36 से अधिक ग्रामीण खांसी, जुकाम व बुखार से पीड़ित हैं। लोगों का कहना है कि गांव में पांच साल पहले स्वास्थ्य उपकेंद्र खोला गया था, जिसमें एक फार्मेसिस्ट और एक एएनएम की तैनाती की गई थी, लेकिन तैनाती के बाद से ही यहां के फार्मेसिस्ट को अन्यत्र अटैच कर दिया गया। वहीं एएनएम की ड्यूटी कोविड में लगी है, जिससे उपकेंद्र में ताले लटके हुए हैं। स्थिति यह है कि ग्रामीण मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदकर अपना उपचार कराने को मजबूर हैं। बुखार, खांसी और जुकाम के कारण लोगों को कोरोना संक्रमण होने की आशंका बनी है। विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र द्विवेदी, ज्येष्ठ उप प्रमुख अजयपाल रावत, महिपाल सिंह असवाल, सुधीर असवाल ने बताया कि गांव में संक्रामक बीमारी का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से गांव में टीम भेजकर बीमार लोगों का उपचार कराने की मांग की है।
सीला गांव में ग्रामीणों के बीमार होने का मामला संज्ञान में नहीं है। पीएचसी दुगड्डा के चिकित्सा प्रभारी को गांव में बीमार लोगों की जांच के लिए टीम भेजने को निर्देशित किया जाएगा। - डॉ. अशोक कुमार तोमर एसीएमओ पौड़ी।