कोटद्वार। द लोनी अरबन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसाइटी (एलयूसीसी) में वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हुए पीड़ितों का धरना कोटद्वार तहसील में 66वें दिन भी जारी रहा। दोपहर 12 बजे तक तहसील में धरना करने के बाद ठगी पीड़ित मुक्तिधाम पहुंचे और क्रमिक अनशन पर बैठ गए।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनके निवेशक उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और पैसों को लौटाने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। वहीं, प्रदेश सरकार कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ न कोई कार्रवाई कर रही है और न ही अभिकर्ताओं और निवेशकों की बातें ही सुन रही है। स्थिति यह है कि अभी तक सीबीआई की जांच तक शुरू नहीं हुई है। दो दिन पहले वह सीएम से मिलने देहरादून गए थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें दीन दयाल उपाध्याय पार्क से गिरफ्तार कर लिया और प्रदर्शनकारियों को त्रिवेणी घाट ऋषिकेश ले जाकर छोड़ दिया। जिस पर उन्होंने निर्णय लिया कि जब तक सरकार उनकी मांगे पूरी नहीं करेगी, वह मुक्तिधाम कोटद्वार में अनशन करेंगे। अनशन पर बैठने वालों में प्रेम सिंह नेगी, राजेंद्र नेगी, लक्ष्मण बिष्ट, वीरेंद्र रावत, संदीप सिंह, पूजा, आरती और अनीता आदि शामिल रहे।