कोटद्वार। दि लोनी अरबन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसाइटी (एलयूसीसी) के धोखाधड़ी का शिकार हुए पीड़ितों का कोटद्वार तहसील में चल रहा धरना रविवार को 146वें दिन भी जारी रहा।
रविवार को सभी पीड़ित तहसील में एकत्र हुए। यहां उन्होंने कंपनी संचालकों और सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। पीड़ितों ने कहा कि निवेशक अपने पैसे के लिए उन पर लगातार दबाव बना रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से उनकी डूबी हुई रकम वापस दिलाने की मांग की। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान संदीप सिंह, बीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, सुनीता नेगी, अंजू डबराल, शिवानी नेगी, नीतू पटवाल, सुनीता भंडारी, कुलवंत पुंडीर आदि मौजूद रहे।