जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायतों को विकास कार्यों के लिए दी जाने वाली राशि बंद करने पर आक्रोशित सदस्यों ने जिला पंचायत कार्यालय पर तालाबंदी की। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ती रावत की अगुवाई में कलक्ट्रेट परिसर के सामने धरना देकर प्रदर्शन किया।
विकास कार्यों के लिए दी जाने वाली राशि बंद करने के खिलाफ जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आंदोलन पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलित जनप्रतिनिधियों ने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ती रावत की अगुवाई में वहां कार्यलय बंद कराकर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर के सामने धरना स्थल पर पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ती रावत ने कहा कि केंद्र से पैसा नहीं मिलने से जनपद में जिला पंचायत में चार करोड़ और क्षेत्र पंचायत में डेढ़ करोड़ की राशि का सीधा असर पड़ रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य ठप हो गए हैं। सड़क, पानी, स्कूल, रास्ते समेत अन्य विकास कार्य सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। कोट के ब्लाक प्रमुख सुनील लिंगवाल, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र कनपुड़िया, भगवान सिंह, भूपेंद्र लाल आदि ने कहा केंद्र के इस फैसले को कतई सहन नही किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से राशि बंद करने संबंधी शासनादेश को रद्द करने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा।
इस मौके पर डीएम के माध्यम से राज्यपाल को भी ज्ञापन भेजा। प्रदर्शनकारियों में पौड़ी के ज्येष्ठ उप प्रमुख हरदयाल पटवाल, दरबान सिंह, देवकी नंदन शाह, सुनीता रावत, गीता राणा, अनूप कंडारी, संजय डबराल, वीरेंद्र तोपाल, जयकृत सिंह, वीरेंद्र प्रसाद बिजल्वाण आदि शामिल थे।
बीडीसी का बहिष्कार करेंगे
कर्णप्रयाग। क्षेत्र पंचायत प्रमुख राधा देवी के नेतृत्व में ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने एसडीएम के माध्यम से केंद्रीय ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज मंत्री को ज्ञापन दिया भेजा। उन्होंने कहा कि मांग पर सुनवाई नहीं हुई तो क्षेत्र पंचायत की बैठक का बहिष्कार किया जाएगा। ज्ञापन देने वालोें में ज्येष्ठ उप प्रमुख सुभाष रावत, महिपाल नेगी, दिग्पाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, सदन लाल, मालदत्त पुरोहित, राजेश्वरी नेगी, गुड्डी देवी आदि शमिल थे।
थराली में भी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लाक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर तालाबंदी की। ब्लाक प्रमुख राकेश जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कहा कि सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। प्रदर्शन करने वालों में कनिष्ठ प्रमुख नवीन मिश्रा, जेष्ठ प्रमुख बख्तावर सिंह, नंदू बहुगुणा, नरेंद्र राणा और प्रेम सिंह आदि मौजूद थे।
बीडीओ दफ्तर में तालाबंदी
नौगांव। केंद्र सरकार के बजट में कटौती के निर्णय के विरोध में क्षेत्र पंचायत सदस्य चार दिनों से विरोध प्रदर्शन पर डटे हैं। सोमवार को ब्लाक प्रमुख रचना बहुगुणा के नेतृत्व में बीडीओ कार्यालय पहुंचे क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने यहां सांकेतिक तालाबंदी की और बीडीओ के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान प्रकाश असवाल, श्याम सिंह राणा, प्रदीप गैरोला, सुनील बिजल्वाण, फूलीराम, बिजेंद्र कुमार, आनंदी पंवार, बीना देवी, मंजू देवी आदि मौजूद रहे।
विकास योजनाएं होंगी प्रभावित
उत्तरकाशी। 14वें वित्त और राज्य वित्त का बजट ग्राम पंचायतों के सुपुर्द किए जाने से गुस्साए जिला पंचायत सदस्यों ने जिला पंचायत कार्यालय पर तालाबंदी कर रोष जताया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश रमोला एवं जिला पंचायत सदस्य संगठन के अध्यक्ष कुलदीप बिष्ट ने कहा कि अब सारा बजट ग्राम पंचायतों के हवाले किए जाने से जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायतों की विकास योजनाएं प्रभावित होंगी। उन्होंने मंगलवार को जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी का ऐलान किया। इस दौरान जितेंद्र राणा, हर्ष अग्निहोत्री, अनीता बिष्ट, अनीता गुसाईं, संतोषी सजवाण, सीमा राणा, कृष्णा गुसाईं आदि मौजूद थे।
तालाबंदी कर विरोध जताया
गोपेश्वर। जिला पंचायत सदस्यों ने प्रदर्शन कर जिला पंचायत भवन के कार्यालय पर सांकेतिक तालाबंदी की। सदस्यों ने योजनाओं को पूर्व की भांति यथावत रखने की मांग की। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य बाटुला वार्ड देवेंद्र सिंह नेगी, गजपाल बर्त्वाल, ऊषा रावत, भागीरथी कुंजवाल, गायत्री नेगी और धन्ना देवी आदि मौजूद थे।
उधर दशोली ब्लाक के सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने चमोली ब्लाक मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जल्द ही वित्तीय अधिकार नहीं दिए गए तो जिले के सभी ब्लाक मुख्यालयों पर तालाबंदी की जाएगी। मांग के समर्थन में डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। कलक्ट्रेट परिसर में हुई सभा में ब्लॉक प्रमुख प्रमिला सजवाण, ज्येष्ठ उपप्रमुख अयोध्या हटवाल, हरिबोधनी खत्री, सुनीता शाह, सीमा असवाल, देवेंद्र सिंह, रोशन और दिनेश खनेड़ा ने विचार रखे।
जिला पंचायत सदस्यों ने दिया धरना
नई टिहरी। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण के नेतृत्व में सदस्यों ने धरना दिया। अध्यक्ष सजवाण ने कहा कि राज्य सरकार त्रिस्तरीय पंचायतों के साथ भेदभाव कर रही है। कहा कि 13वें वित्त की भांति 14वें वित्त का पैसा भी जिला पंचायत को दिया जाए। इस संबंध में पूरे प्रदेश के जिला पंचायत अध्यक्ष जल्द ही सीएम और पंचायतराज मंत्री से मिलेंगे। धरने पर सदस्य मुरारी लाल खंडेलवाल, उदय रावत, चंद्रपाल, उत्तम भंडारी, रागिनी भट्ट, राधा देवी, शांति देवी, अर्चना पुंडीर, ज्योति देवी और उर्मिला जड़धारी बैठी रही।