दुगड्डा। पशुपालन विभाग पौड़ी की ओर से मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन योजना के तहत नगर पालिका सभागार दुगड्डा में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पशुपालन विभाग व बैंकों के अधिकारियों ने पशुपालकों को पशुपालन के क्षेत्र में उद्यमिता विकास के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
शिविर में वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मंजू पाल ने कहा कि पशुपालन आजीविका का प्रमुख साधन बन सकता है। इसके लिए सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी मिलती है। उन्होंने पशुपालकों को पशुपालन एवं उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया। बताया कि पशुपालकों को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। जिसमें 90 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत पांच बकरियों के लिए एक लाख रुपये, 10 बकरियों के लिए दो लाख रुपये, पांच गायों के लिए 3,75,000 रुपये ऋण का प्रावधान है। बैंक अधिकारियों ने पशुपालकों को बैंकों की ओर से उपलब्ध कराई जा रही ऋण संबंधी सुविधा के बारे में विस्तार से बताया।
बैंक अधिकारी राजीव नौटियाल (एसबीआई), बीना सालार (जिला सहकारी बैंक), विजय सिंह भंडारी (उत्तराखंड ग्रामीण बैंक), पशुपालन विभाग से डॉ. किशोर कुमार, डॉ. स्वाति सुनेठा, पशुधन प्रसार अधिकारी स्मिता भंडारी, संजय नैथानी और पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी मनोज कुमार जोशी आदि मौजूद रहे।