लैंसडौन। ग्राम सभा कंदोली में पिछले तीन हफ्तों से गुलदार की धमक बनी है। गुलदार तीन गायों को निवाला बना चुका है। रविवार देर रात गुलदार ने लक्ष्मी देवी की गोशाला को तोड़कर वहां बंधी गाय को अपना शिकार बना लिया।
इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत बढ़ गई है। गुलदार की सक्रियता ने लोगों की नींद उड़ा दी है। ग्राम सभा कंदोली की प्रधान अंजू देवी ने बताया कि 20 दिन से गुलदार ने तीन पालतू गायों को अपना निवाला बनाया है। पिछले दिनों गुलदार ने लोकेश्वर गुसाईं और मनोरमा देवी की गायों को गौशाला का दरवाजा तोड़कर मार डाला था। रविवार-सोमवार की रात गुलदार ने लक्ष्मी देवी का गौशाला को तोड़कर वहां बंधी गाय को अपना शिकार बना लिया। गुलदार के बढ़ते हमलों से गौ पालकों में भय व असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। ग्राम प्रधान अंजू देवी ने वन प्रभाग के रेंज अधिकारी को पत्र भेज कर गुलदार के हमलों से पालतू पशुओं व लोगों को सुरक्षा दिलाने की मांग की है।