कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत धरगांव में सोमवार शाम हुई भारी बारिश से जमीन में पहले दरारें पड़ीं और इसके बाद जमीन धंस गई। भूधसांव होने से एक गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई हैं और तीन आवासीय भवनों में गहरी दरारें आईं। सुरक्षा की दृष्टि से तीनों परिवारों ने गांव में ही दूसरे घरों में शरण ले ली है। सूचना पर मंगलवार को गांव पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक ने गांव का मुआयना किया।
धरगांव निवासी ग्रामीण बशीर अहमद ने बताया कि सोमवार शाम हुई बारिश के दौरान शाम को 6 बजे के करीब अचानक ही गांव में रास्ते की जमीन में दरारें पड़ने लगीं। करीब तीन घंटे के बाद गांव का रास्ता धंस गया। जिससे ग्रामीण ताहिर हुसैन की गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा सबीर अहमद, ताहिर हुसैन व महबूब अली के आवासीय घरों की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं। सुरक्षा की दृष्टि से तीनों परिवारों ने दूसरे घरों में शरण ले ली है। प्रभारी नायब तहसीलदार मनोहर सिंह नेगी ने बताया कि सूचना पर राजस्व उपनिरीक्षक अमित सिंह रावत ने गांव का मुआयना किया है। रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जा रही है। वहीं ग्रामसभा गौला मल्ला के तोक कटल गांव में पुश्ता टूटने से पूजा देवी के आवासीय भवन के एक कमरे की दीवार में दरारें आ गई हैं।