अमर उजाला की खबर का असर
यातायात के लिए फिर खुला लालबत्ती चौक
वन मंत्री के निर्देश के बावजूद मंगलवार को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर किया था बंद
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। कोतवाली पुलिस ने आखिरकार लालबत्ती चौक को यातायात के लिए खोल दिया है। बुधवार के अंक में अमर उजाला ने इस खबर को मंत्री के निर्देश को पुलिस ने दिखाया ठेंगा शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का असर यह रहा है कि पुलिस ने लालबत्ती चौक पर बीच के बैरिकेडिंग हटाते हुए यातायात का संचालन शुरू कर दिया। जिससे बुधवार को फिर से आवागमन में सुगमता बनी रही।
गत 22 अक्तूबर को क्षेत्रीय विधायक व वन मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों की बैठक में उन्हें लालबत्ती चौक से डिवाइडर व बैरिकेडिंग हटाकर यातायात संचालन के निर्देश दिए थे। इसके बाद लोनिवि के एनएच खंड धुमाकोट के अधिकारियों ने चौराहे के दोनों ओर से डिवाइडर हटाते हुए सड़क को समतल कर दिया। 25 अक्तूबर को पुलिस ने यहां से यातायात का संचालन शुरू करा दिया। तीन दिन तक यहां से बेहतर ढंग से ट्रैफिक संचालन होता रहा, लेकिन, मंगलवार को एक बार फिर पुलिस ने यहां पर बैरिकेडिंग लगाकर यातायात संचालन बंद कर दिया। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नजीबाबाद मार्ग पर बनाए गए यू-टर्न पर भारी वाहन नहीं मुड़ पा रहे थे जिससे जाम लगने लगा। लालबत्ती चौक को फिर से बंद किए जाने से वन मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी चंद्रप्रकाश नैथानी ने हैरानगी प्रकट की। अमर उजाला ने इस खबर को बुधवार के अंक में प्रकाशित किया तो पुलिस ने अपनी भूल को सुधारते तत्काल प्रभाव से लालबत्ती चौक से ट्रैफिक संचालन शुरू कर दिया। लालबत्ती चौक से यातायात बहाल होने पर शहरवासियों, व्यापारियों व ट्रांसपोर्टरों ने इसका स्वागत किया है।
लालबत्ती चौक से यातायात संचालन शुरू कर दिया गया है। मौके पर यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस और उनकी मदद के लिए होमगार्ड भी तैनात किए गए हैं।
-प्रदीप नेगी, प्रभारी कोतवाल