कोटद्वार। गढ़वाल सभा की ओर से दसवें स्थापना दिवस समारोह में आयोजित स्व. वेणीमाधव ध्यानी गढ़वाली लोक नृत्य प्रतियोगिता में क्रेडिल पब्लिक स्कूल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरी बार विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया।
बदरीनाथ रोड स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में आयोजित प्रतियोगिता में क्षेत्र के 12 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने थड़िया, चौफला, घसियारी, जौनसारी लोक गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर गढ़ संस्कृति की छटा बिखेरी। निर्णायक संस्कृति कर्मी सुमित्रा रावत, जगदीश चंद्र बमेटा और मोहिनी नौटियाल द्वारा लोक गीत, नृत्य शैली व वेशभूषा आदि मानकों के आधार पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही विद्यालय की टीम को अंक दिए गए। इसमें क्रेडिल पब्लिक स्कूल निंबूचौड़ ने शाबासी मेरा मोती ढांगा, तीले धारू बोला.. गीत पर थड़िया नृत्य प्रस्तुत कर पहाड़ की संस्कृति के प्रतीक हल, बैल, उरख्याली, गंज्याली और खेत खलिहान को बखूबी चित्रित किया। इसके आधार पर क्रेडिल पब्लिक स्कूल को प्रथम स्थान दिया गया। हैप्पी चिल्ड्रन एकेडमी गाड़ीघाट के छात्रों की प्रस्तुति में गीत संगीत और नृत्य संतुलन के कारण उसे दूसरा स्थान, जबकि मेहरबान सिंह कंडारी विद्या मंदिर इंटर कालेज की बेहतरीन नृत्य शैली के कारण उसे तीसरा स्थान दिया गया।
इसके बाद प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि डा. माधुरी बड़थ्वाल और बलूनी क्लासेज की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज ने विजेता टीमों को ट्राफी प्रदान की। संस्था के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए।
इस अवसर पर गढ़वाल सभा के अध्यक्ष योगंबर सिंह रावत, महासचिव डा. पदमेश बुडाकोटी, कर्नल बीबी ध्यानी, दिनेश कुकरेती, गोविंद डंडरियाल, जनार्दन बुडाकोटी, संजय रावत, डा. जितेंद्र नेगी, शशिभूषण अमोली, जीत सिंह पटवाल, राकेश शाह, ओमप्रकाश कबटियाल आदि मौजूद थे।