कार्बेट टाइगर रिजर्व के बीहड़ों में गश्त और पर्यटकों की सवारी के लिए अब कार्बेट को कर्नाटक से 12 हाथी मिलेंगे। इससे अब हाथियों से गश्त होगी और पर्यटक भी हाथी की सवारी का आनंद उठा पाएंगे। कार्बेट टाइगर रिजर्व की टीम हाथियों को लाने के लिए कर्नाटक के मैसूर रवाना हो गई है।
कार्बेट टाइगर रिजर्व के जंगल में गश्ती दलों और हाथी सवारी के लिए हाथियों की संख्या में इजाफा होगा। इसके लिए कर्नाटक से 12 हाथी वन विभाग को मिलेंगे। हाथियों को लाने के लिए कालागढ़ से उप प्रभागीय वनाधिकारी आरके तिवारी के नेतृत्व में टीम रविवार को रवाना हो गई है। कार्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक अमित वर्मा ने बताया कि कालागढ़ से टीम कर्नाटक राज्य के मैसूर में पहुंचेगी। वहां से विभिन्न नेशनल पार्क से 11 हाथी टीम को दिए जाएंगे। एक हाथी बाद में आएगा। इस प्रकार कालागढ़ में मार्च तक 12 हाथी पहुंचेंगे।
कालागढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों की गणना शुरू
कोटद्वार/कालागढ़। बाघों का मनपसंद स्थान कालागढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों में 480 कैमरों की मदद से बाघों की गणना का कार्य शुरू हो गया है। कार्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक अमित वर्मा ने बताया कि कार्बेट टाइगर रिजर्व के इलाके कार्बेट नेशनल पार्क, कालागढ़ टाइगर रिजर्व व कार्बेट टाइगर रिजर्व में 215 बाघ मौजूद हैं।
कालागढ़ टाइगर रिजर्व के वनों में बाघों की गणना के लिए कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। बाघ बाहुल्य 240 स्थानों को इसके लिए चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर 480 कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। इस वर्ष की गणना में बाघों की संख्या में इजाफा हो सकता है।