कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर-19 लालपुर निवासी कु. आस्था ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की एमएससी रसायन विज्ञान की परीक्षा में सर्वोच्च अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय की स्वर्ण पदक सूची में स्थान बनाने वाली आस्था को 18 नवंबर 2026 को आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल स्वर्ण पदक देकर सम्मानित करेंगे।
आस्था ने एमएससी रसायन विज्ञान की परीक्षा में 2100 में से 1655 अंक प्राप्त किए हैं। उनका कुल प्राप्तांक 78.81 प्रतिशत रहा। विश्वविद्यालय की स्वर्ण पदक सूची में उनका नाम 14वें क्रमांक पर दर्ज है। वह इस वर्ष एमएससी रसायन विज्ञान में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा बनी हैं।
विज्ञापन
मूल रूप से आस्था द्वारीखाल ब्लॉक के ग्राम तोली निवासी हैं। वर्तमान में उनका परिवार कोटद्वार के लालपुर वार्ड में रहता है। उनके पिता अनिल सिंह जीआईसी चाक्यूंसैंण में सहायक अध्यापक (एलटी) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता राजकुमारी देवी इंटर कॉलेज पोखरी अजमीर में हिंदी विषय की प्रवक्ता हैं।
आस्था शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में सीबीएसई हाईस्कूल की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। वहीं, वर्ष 2019 में इंटरमीडिएट की परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक हासिल किए। माता-पिता की तरह ही आस्था भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अध्यापन करना चाहती हैं। आस्था की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।