कोटद्वार। हल्द्वानी में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कोटद्वार के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक जीते। इनमें एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। पदक विजेता खिलाड़ी अगले महीने होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्टेडियम इंचार्ज एवं बॉक्सिंग कोच श्याम सिंह डांगी ने बताया कि नैनीताल जिले के हल्द्वानी में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक और अंडर-17 व अंडर-19 बालिका वर्ग के मुकाबले हुए। इसमें कोटद्वार के पार्थ सिंह ने 28 से 30 किलोग्राम भार वर्ग में रजत और शौर्य रावत ने 48 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। बालिका वर्ग में सलोनी ने 75 से 80 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण, शालिनी ने 54 से 57 किलोग्राम में रजत और दीपिका ने 42 से 45 किलोग्राम, अपेक्षा ने 44 से 48 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। संवाद