थाने में सूचना मिली कि गुमखाल से द्वारीखाल की ओर जा रही एक कार मथगांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाई में गिर गई है। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार में सवार चार लोगों को निकाला।
लैंसडौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुमखाल-द्वारीखाल मार्ग पर मथगांव के पास बृहस्पतिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने चारों को कार से बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को गुमखाल के बंगाली चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद सभी को उनके घर कोटद्वार भेज दिया गया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को थाने में सूचना मिली कि गुमखाल से द्वारीखाल की ओर जा रही एक कार मथगांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाई में गिर गई है। सूचना पर थाने और गुमखाल चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कार में चार लोग सवार थे। इनमें गिरीश चंद्र और सुरेश कंडवाल निवासी सत्तीचौड़, संतोष ध्यानी निवासी देवरामपुर और प्रमोद कुमार निवासी लालपुर, कोटद्वार शामिल हैं। चारों को सामान्य चोटें आई हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार का स्टीयरिंग लॉक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे हादसा हुआ। सभी घायलों की स्थिति सामान्य है।