कण्वाश्रम को पर्यटन के क्षेत्र में विश्व मानचित्र पर लाने के लिए राज्य सरकार ने कण्वाश्रम विकास परियोजना का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। केंद्र सरकार से वन भूमि हस्तांतरण के आदेश मिलने के बाद पर्यटन एवं वन विभाग ने 3.074 हेक्टेयर भूमि का सीमांकन का काम पूरा कर लिया है। पर्यटन अधिकारी के अनुसार, डीपीआर की स्वीकृति के बाद परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए टूरिज्म की एडीबी इकाई को कार्यदायी एजेंसी बनाया गया है।
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि शुक्रवार को वन विभाग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कण्वाश्रम में भूमि का सीमांकन का कार्य पूरा कर लिया गया है। यहां पर झील निर्माण के साथ ही पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए करीब 25 करोड़ रुपये की योजनाओं का निर्माण कराया जाना है।
बताया कि वन भूमि हस्तांतरण के बाद राज्य सरकार ने जहां 30 जून तक इसकी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं, वहीं साथ ही साथ भूमि के सीमांकन का कार्य भी कर दिया गया है। जिससे निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किए जा सकें।