कोटद्वार। नगर निगम के मेयर शैलेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को नगर आयुक्त पीएल शाह एवं अन्य अधिकारियों के साथ नगर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें सभी सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी और पानी की समस्या दिखी। मेयर ने नाराजगी जताते हुए जल्द व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद मेयर ने ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने सभी शौचालयों में स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता, नियमित सफाई और नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शौचालयों में पानी, सफाई एवं आवश्यक व्यवस्था पर फोकस करने को कहा। ट्रंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए मेयर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कार्य किए जाएं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें, ताकि कोटद्वार नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
इस अवसर पर मेयर शैलेंद्र सिंह रावत ने बताया कि नगर निगम की टीम लगातार नागरिकों की सुविधाओं और नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रही है। बरसात के कारण कूड़ा निस्तारण में थोड़ा ठहराव आया है। बरसात थमने के बाद इसमें तेजी लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, अजय अस्टवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार और अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।