ऐतिहासिक खैरालिंग कौथिग इस साल भी पशुबलि विहीन होगा। ग्रामीणों ने भी अब मेले को सात्विक रूप से मनाने का मन बना लिया है। 6 व 7 जून को आयोजित होने वाले मेले के लिए इस बार खैरालिंग ज्ञान यज्ञ समिति की ओर से ध्वजा चढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
समिति आज ध्वजा काटने के बाद ग्राम सभा मिर्चोड़ा में दो रात्रि के मंडाण का आयोेजन करेगी। 6 जून को खैरालिंग महादेव में सायं 4 बजे ध्वजा चढ़ाई जाएगी। मुंडनेश्वर मेला अथवा खैरालिंग कौथिग कल्जीखाल ब्लाक की असवालस्यूं पट्टी में आयोजित होगा। पशुबलि प्रथा के लिए चरति मुंडनेश्वर मेले में 2006 से पशुबलि रोकने को प्रशासनिक प्रयास भी हुए। मेला स्थल से नर-भैंसे को उठा ले जाने के बाद हुए बबाल और आगजनी के साथ ही पुलिस उपाधीक्षक पौड़ी को बंधक बनाए जाने की घटना के बाद पशुबलि को लेकर बराबर टकराहट बनी रही, लेकिन अब क्षेत्रीय जनता ने भी खैरालिंग महादेव की पूजा सात्विक रूप से आयोजित करने का मन बना लिया है।
खैरालिंग महादेव ज्ञान यज्ञ समिति के सदस्य प्रदीप नेगी ने बताया कि मेेले में इस बार समिति ध्वजा चढ़ाएगी। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मेले के दौरान क्षेत्र की एक मात्र जीएमओ की बस सेवा संचालित न किए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया है। मांग की गई है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुण्डनेश्वर-भेटी-सुरालगांव बस सेवा शुरू की जाए और मेले के दौरान शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।