दुगड्डा ब्लाक से संचालित निगम के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की समीक्षा के बाद भाबर के झंडीचौड़ और कलालघाटी स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेस अस्पताल कोटद्वार के अधीन कार्य करेंगे। इससे जहां बेस अस्पताल का वर्कलोड कम होगा, वहीं हल्की बीमारियों से ग्रसित रोगियों का उपचार इन अस्पतालों में हो सकेगा। यहां डॉक्टर और अन्य मेडिकल स्टाफ तैनात किया जाएगा।
यह निर्णय वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने कोटद्वार बेस अस्पताल के हालात देखकर लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र के दो अस्पतालों झंडीचौड़ और कलालघाटी में दुगड्डा के ब्लाक चिकित्सालय से व्यवस्थाएं देखी जा रही हैं। जबकि इसे अब बेस अस्पताल से नियंत्रित किया जाना चाहिए। कहा कि बेस अस्पताल में और डॉक्टरों की तैनाती के लिए शासन में उच्चाधिकारियों से बात की गई है। जल्द डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। कहा कि बेस अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए पर्याप्त आक्सीजन उपलब्ध है। जल्द ही यहां आक्सीजन प्लांट भी काम करने लगेगा। हरिद्वार से अस्पताल के लिए और आक्सीजन सिलिंडर मंगवाए गए हैं।