कोटद्वार। भाबर क्षेत्र में ओवर लोडेड डंपर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम को ओवर लोडेड डंपर से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से जशोधरपुर स्थित विद्युत सब स्टेशन में कार्यरत ऊर्जा निगम के एक जेई घायल हो गए। उन्हें यहां लाकर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चिकित्सालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जशोधरपुर स्थित विद्युत सब स्टेशन में कार्यरत ऊर्जा निगम के जेई प्रतापनगर नजीबाबाद रोड निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र जगत सिंह शाम को छुट्टी होने के बाद अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में मोटाढांक चौराहे में उनकी बाइक के आगे चल रहे ओवर लोडेड डंपर से अचानक एक बोल्डर सड़क पर आ गिरा, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान उनकी छाती में गंभीर चोटें आ गईं। उन्हें एक प्राइवेट कार से यहां लाकर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। दुर्घटना के बाद मोटाढांक चौराहे में मौजूद लोगों ने डंपर को रोक लिया और जमकर हंगामा भी काटा।