क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान ने लोनिवि अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
जयहरीखाल। जयहरी-परिंदा-मैंदोली मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मार्ग पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। कई स्थानों पर डामरीकरण कार्य अधूरा पड़ा है। लोगों का आवागमन काफी कठिन हो गया है। मार्ग की दुर्दशा को सुधारने के लिए जनप्रतिनिधियों ने लोनिवि अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है और क्षेत्रवासियों ने डामरीकरण नहीं होने पर आंदोलनात्मक कदम उठाने की चेतावनी दी है।
मार्ग से आवागमन करने वाले ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण छोटे-बड़े वाहन मुश्किल से गुजर रहे हैं। बरसात के दौरान मार्ग पर फिसलन और गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना है। मार्ग जयहरीखाल क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है लेकिन लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है। छात्र-छात्राओं, मरीजों और दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस संबंध में क्षेत्र पंचायत सदस्य जयहरी शशि बिष्ट और ग्राम प्रधान बौठा विनय कुकशाल ने संयुक्त रूप से लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मार्ग की हालत में सुधार की मांग की। उनका कहना था कि ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक मार्ग की हालत बदतर ही है। जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर जनांदोलन की चेतावनी दी है।