कोटद्वार। एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति न होने पर ग्राम पंचायत लालपुर व ध्रुवपुर के आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी की और जमकर हंगामा काटा। लोगों ने विभाग के अधिशासी अभियंता को खरी-खोटी सुनाई और धक्का-मुक्की की। कहा कि उनके क्षेत्र में तीनों ट्यूबवेल खराब हैं और अधिकारी उनकी मरम्मत कराने के लिए गंभीर नहीं हैं।
जल संस्थान कार्यालय में हंगामा काटते हुए ग्रामीणों ने कहा कि वे कई दिनों से लालपुर, ध्रुवपुर व घराट क्षेत्रों में पेयजल किल्लत की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। इसका परिणाम है कि करीब एक सप्ताह से उनके घरों के नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी है। पीने के पानी के लिए भी उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। कहा कि विभागीय अधिकारी खराब ट्यूबवेलों की मरम्मत भी नहीं करवा रहे हैं। यदि उन्हें ठीक कराया भी जाता है तो वे एक ही महीने में दो बार खराब हो जाते हैं। इस मौके पर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को पत्र भेजा और जल्द ही समस्या के निस्तारण की मांग उठाई।
उधर, मानव, प्रकृति, पशु एवं गौ सेवा समिति ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप उक्त संबंध में उचित कार्रवाई करते हुए पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में उपप्रधान लालपुर सुधीर खंतवाल, सोमदत्त बौंठियाल, अनिल शर्मा, राकेश चौधरी, रमेश जुयाल, शुभम जोशी, राजेश जखमोला, राजेंद्र बिष्ट, शिवचरण पोखरियाल, गजेंद्र सिंह नेगी, ज्योति जखवाल, अर्चना चौधरी, दमयंती देवी, लक्ष्मी राणा व भगीरथी भंडारी आदि मौजूद रहे।
मैं स्वयं ट्यूबवेल के मरम्मत कार्य पर नजर रखूंगा और जल्द ही ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
-ओपी बहुगुणा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान कोटद्वार।
-फोटो