जनता के दबाव में आखिरकार प्रशासन झुक ही गया और शुक्रवार को उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा ने जनता का आक्रोश देखते हुए बाजार में स्थित शराब की दुकान को सीज करने के निर्देश दे दिए हैं।
शुक्रवार को पौड़ी, श्रीनगर और कीर्तिनगर से आए महिला-पुरुषों ने एसडीएम ऑफिस के समक्ष शराब की दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने यहां 3 घंटे तक धरना दिया। महिलाओं ने कहा कि 15 दिन पूर्व तहसीलदार ने आश्वासन दिया था कि दुकान को बाजार से शिफ्ट कर दिया जाएगा, जिसके चलते उन्होंने दुकान के आगे चल रहा धरना स्थगित कर दिया था, लेकिन निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि किसी भी दशा में बाजार में शराब नहीं बिकने दी जाएगी। इससे यहां का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि मानकों के विरुद्ध बैंक, मंदिर और स्कूल के समीप शराब की दुकान संचालित की जा रही है।
आंदोलनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कीर्तिनगर में पूर्ण शराबबंदी और कीर्तिनगर में दुकान शिफ्ट करने की मांग की। जनता के आंदोलन और कानून व्यवस्था को देखते हुए एसडीएम नूूपुर वर्मा ने तहसीलदार, थानाध्यक्ष और आबकारी निरीक्षक को दुकान को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दे दिए।
प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी जोशी, बिजाल संस्था पौड़ी की अध्यक्ष सरिता नेगी, अशोक बिष्ट, प्रेम बल्लभ नैथानी, दिनेश पंवार, विभोर बहुगुणा, नवीन नौटियाल, यशोदा, सुलोचना जैन, सुरशी उनियाल व सतीश जोशी शामिल थे।