टिहरी जिले के कीर्तिनगर और देवप्रयाग क्षेत्र के जंगलों और बंजर खेतों में उगी झाड़ियां आग में राख हो गई हैं। बारिश न होने और तेज हवा चलने से मुसीबत और बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार आग बुझाने के लिए टीम मौके पर मौजूद है।
हिंसरियाखाल और चौरास क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात से आग लगी हुई है। चौरास के नैथाणा में बृहस्पतिवार रात बस्ती के समीप खेतों में तेजी से आग फैल गई। शुक्रवार दोपहर बाद केंद्रीय गढ़वाल विवि श्रीनगर के चौरास स्थित आवासीय परिसर के पीछे बंजर भूमि में आग लग गई।
तेज हवा चलने से आग ने काफी बड़े क्षेत्र को चपेट में ले लिया। वहीं, हिंसरियाखाल क्षेत्र में आग काबू से बाहर हो रही है। आग को बुझाने में वन विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं।
भंडाली निवासी बीपी सेमवाल ने बताया कि गांव के समीप कुलगदना में शुक्रवार को तेजी से आग फैल गई। हालांकि, कुछ देर बार आग पर काबू पा लिया गया। सिविल सोयम कीर्तिनगर के रेंजर प्रमोद पांडे ने बताया कि नैथाणा और आवासीय परिसर के समीप आग जंगल तक पहुंचने से पहले बुझा ली गई।
उन्होंने बताया कि बंजर खेतों में आग लगी थी। बृहस्पतिवार देर रात तक आग बुझाने का अभियान चलता रहा। वहीं, मणिकनाथ रेंज के रेंजर केएस रावत ने बताया कि टीम मौके पर है। तेज हवा के कारण आग बुझाने में दिक्कत हो रही है।