जिला प्रशासन ने भारत सरकार के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ग्राम बदलाव योजना के अंतर्गत ग्राम उदय से भारत उदय अभियान को सफल बनाने के लिए चल रही तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
प्रेक्षाहाल में आयोजित कार्यशाला में डीएम चंद्र शेखर भट्ट ने अधिकारियों को इस अभियान को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 से 24 अप्रैल तक सभी कर्मचारियों के अवकाश स्थगित कर दिए गए हैं। विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किए जाएंगे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों व न्याय पंचायतों में 14 से 24 अप्रैल तक तीन चरणों में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कई चरणों में होंगे कार्यक्रम
अभियान के प्रथम चरण में 14 से 16 अप्रैल तक सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता, 17 से 20 अप्रैल तक आयोजित द्वितीय चरण में ग्राम किसान सभा के अंतर्गत किसान गोष्ठियां, बीज, कृषि यंत्रों व खाद का वितरण, पेंशन वितरण आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 से 24 अप्रैल तक आयोजित तीसरे व अंतिम चरण के तहत ग्राम सभाओं में खुली बैठकों का आयोजन होेंगे।
उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत 14 अप्रैल को बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा व चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि समेत कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। डीएम भट्ट ने तीनों चरणों के कार्यक्रमों की सूचना फोटोग्राफ सहित निर्धारित समय पर जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर डीडीओ वेद प्रकाश, पीडी विक्रम सिंह, परियोजना अर्थशास्त्री दीपक रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी रतन सिंह रावल, एससी त्रिपाठी आदि मौजूद थे।