कोटद्वार। डीएम स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर खोह नदी किनारे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार और गाड़ीघाट पुल पर मरम्मत का कार्य किया गया। निरीक्षण में खामियां मिलने पर डीएम ने संबंधित विभागों को त्वरित सुधार के निर्देश दिए थे।
गत मंगलवार को कोटद्वार भ्रमण के दौरान डीएम ने खोह नदी के पास गाड़ीघाट पुल का निरीक्षण किया था। गड्ढे होने पर लोनिवि अधिकारियों को मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही खोह नदी के बाएं छोर पर सुरक्षा दीवार पर सुरक्षात्मक कार्य करने के सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए थे। खोह नदी किनारे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। वहीं, गाड़ीघाट पुल पर पैच कार्य भी किया गया।
डीएम ने कहा कि खोह नदी किनारे स्थित संरचनाओं की सुरक्षा और पुलों के रखरखाव को लेकर गंभीरता बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसात के मौसम को देखते हुए ऐसे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संबंधित विभागों की ओर से त्वरित कार्रवाई से आमजन को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा सुनिश्चित होगी। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नदी किनारे सभी सुरक्षा दीवारों और पुलों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।