मंडलायुक्त विनोद शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को आयुक्त सभागार में मंडल स्तरीय अधिकारियों की विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
आयुक्त ने अधिकारियों को हिदायत दी कि सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को दूरस्थ क्षेत्रों में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने निर्माण इकाई संस्थाओं के प्रमुखों से कहा कि निर्माण कार्यों के टेंडर यथासमय कर नवंबर के अंतिम सप्ताह से कार्य शुरू करवाना सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सबदरखाल-पौड़ी मोटर मार्ग, देहरादून-विकास नगर, जौलीग्रांट-ऋषिकेश मोटर मार्ग का लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने पेयजल, सिचांई, स्वास्थ्य व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विभागीय कार्यों में पारदर्शिता व पूर्ण गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए आरक्षी बल, सब इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर, एएसपी, डीएसपी एसपी, एसएसपी, आईजी, डीआईजी भी लगातार निगाहबानी करेंगे। इसके लिए रोस्टर तैयार किया जाएगा। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे लंबित मामलों में त्वरित गति से निर्णय लें।