भाबर क्षेत्र के दुर्गापुर में एक परिवार ने प्रापर्टी डीलर पर उनकी करीब पौने चार बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर बेचने का आरोप लगाया। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर खेतों की तस्दीक करने के लिए पट्टी पटवारी को निर्देशित करने की मांग की।
मंगलवार को भाबर के दुर्गापुर निवासी प्रकाश पंत और जगदीश पंत परिवार सहित तहसील पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रापर्टी डीलर पर उनकी पैतृक भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग कर बेचने का आरोप लगाया। कहा कि वे परिवार समेत हरिद्वार में रहते हैं। उनके चाचा भोलादत्त ने अपनी भूमि उक्त प्रापर्टी डीलर को बेची थी। प्रापर्टी डीलर ने उनके पैतृक मकान को तोड़कर भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे बेच दिया। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है और कोर्ट ने उक्त भूमि पर रोक लगाई हुई है। कहा कि पट्टी पटवारी ने अपनी रिपोर्ट में खाता संख्या 14 में अवैध कब्जा करने की बात कही है, लेकिन रिपोर्ट में खेत संख्या का जिक्र नहीं किया है। जिससे खेत नंबर 31 की सहखातेदार एक महिला की ओर से उक्त भूमि पर जबरदस्ती भवन का निर्माण कराया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर राजस्व उपनिरीक्षक को भूमि की नाप करने के लिए निर्देशित करने की मांग की। धरना देने वालों में प्रकाश पंत और उनकी पत्नी निर्मला देवी, जगदीश पंत और उनकी पत्नी भावना देवी, वैष्णवी, श्रद्धा, चंद्रा, वैभव, देवेश, हिमांशु आदि शामिल रहे।