बदरीनाथ मार्ग स्थित तहसील गेट के बाहर दो बदमाशों ने एक महिला को सम्मोहित कर उसके कानों से कुंडल और पर्स में रखी नकदी लूट ली। महिला को अपने साथ हुई लूट का पता तब चला, जब वह घर पहुंची और उसका सम्मोहन टूटा। महिला ने इस सबंध में पुलिस के पास तहरीर दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल से पुलिस थाना मात्रा पचास कदम की दूरी है। पीड़ित महिला कौशल्या देवी (59) पत्नी स्व. भगतराम निवासी बालासौड़ ने बताया कि शनिवार को वह तहसील में अपने पति का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने गई थी। काम पूरा होने के बाद जब वह तहसील के गेट पर पहुंची तो दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और आध्यात्म की बातें करने लगे।
कुछ देर बाद उन्होंने उसे आंखें बंदकर भगवान का स्मरण करने को कहा। जब महिला ने आंखें खोली तो उन्होंने महिला से कानों में पहने कुंडल और पर्स के अंदर रखे पैंसे देने को कहा। महिला ने उनके सम्मोहन में आकर कुंडल और पर्स में रखे तीन सौ रुपये, पास बुक और एटीएम उन्हें दे दिया।
कुछ देर बाद जब महिला अपने घर पहुंची तो उसका सम्मोहन टूट गया। जिसके बाद महिला ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है, शीघ्र ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। थाने से मात्र पचास कदम की दूरी पर हुई इस घटना से लोग हैरान हैं।
.
शहर में इससे पूर्व हुई घटनाएं
-05 फरवरी, 2016-देवी रोड पर एक महिला कर्मी से सोने की चेन उतरवाई।
-27 फरवरी-नजीबाबाद रोड जानकीनगर में वृद्धा कमलेश के चेन, कुंडल और अंगूठी उतरवाई।
-29 फरवरी- मालवीय उद्यान में मनोज अग्रवाल से मोबाइल, नकदी उड़ाई।
-20 अक्तूबर-पेंसिल फैक्ट्री के पास वृद्धा पुष्पा देवी से सोने की चेन, कुंडल और पर्स झपटा।
-07 नवंबर को झंडाचौक में मानपुर निवासी रामेश्वरी देवी और गोविंदनगर में कुंभीचौड़ निवासी कवेत्री देवी से चेन और पैसे लूटे।