10 तक भुगतान नहीं होने पर काम बंद करने की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
कीर्तिनगर। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना में कार्यरत भूमिधर कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने परियोजना संचालन कर रही कंपनी एएचपीसीएल (अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी) को 10 अप्रैल तक वेतन भुगतान करने का अल्टीमेटम दिया है। कहा कि तय तिथि तक वेतन नहीं मिलने पर काम बाधित किया जाएगा।
राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि परियोजना निर्माण के लिए कंपनी ने उनकी भूमि अधिग्रहीत की है। इसके एवज में उनको परियोजना में रोजगार मिला है। कंपनी ने जनवरी माह से उन्हें वेतन भुगतान नहीं किया है। कई ऐसे कर्मचारी हैं, जिनको नकद भुगतान भी किया जाता है। उनको पांच माह से भुगतान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में परियोजना से विद्युत उत्पादन हो रहा है। ऐसे में धनाभाव की समस्या भी नहीं है। वेतन नहीं मिलने से उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अप्रैल में बच्चों की नई कक्षाओं में प्रवेश पर खर्चा हो रहा है। ज्ञापन में दिनेश स्नेही, मुकेश राणा, रोहन बहुगुणा, अनूप सेमवाल, अमित रतूड़ी और नवीन रतूड़ी आदि के हस्ताक्षर हैं। उधर, एएचपीसीएल के सहायक महाप्रबंधक वाईआर शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों को शीघ्र वेतन मिल जाएगा। इस संबंध में हेड ऑफिस के साथ पत्राचार चल रहा है।