कोटद्वार। पत्नी के साथ कलह के बीच एक पति उसके खून का प्यासा हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंची भीड़ ने युवक को पीट दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोटद्वार निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह तीन वर्ष पहले वन विभाग में कार्यरत लक्ष्मण सिंह, निवासी ग्राम धामधार, रिखणीखाल, पौड़ी गढ़वाल के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही लक्ष्मण सिंह दहेज की मांग कर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। उसने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि न्यायालय में चल रही सुनवाई से नाराज होकर लक्ष्मण सिंह ने न्यायालय में तारीख पर जाने से रोकने के उद्देश्य से उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का प्रयास किया।
महिला ने बताया कि हमले में वह बाल-बाल बची और उसने शोर मचा दिया। तभी वहां एकत्र हुई भीड़ ने आरोपी लक्ष्मण सिंह की धुनाई कर डाली। कोतवाल रमेश तनवार ने बताया कि पत्नी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार करने के साथ ही उसकी निशानदेही पर धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, आरोपी युवक लक्ष्मण सिंह के फूफा और अन्य परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर लक्ष्मण सिंह पर लगे आरोपों को गलत बताया।