ब्लाक मुख्यालय के तहत पाबौ बाजार में जुलाई से सितंबर तक आई भारी बारिश के चलते एक मकान और दुकानों पर भारी दरारें आ गई हैं। मकान मालिक रघुनाथ सिंह और भरत सिंह ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार को करीब लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रशासन ने अभी तक राहत के तौर पर एक रुपये की धनराशि प्रदान नहीं की। जानकारी के अनुसार पाबौ बाजार में आवासीय भवन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसकी सूचना शासन-प्रशासन को दी गई थी। धीरे-धीरे व्यापारी प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दुकानें क्षतिग्रस्त होने से दुकानदारों को रोजी का संकट हो गया है।
क्या कहना है व्यापारियों का
व्यापारी कर्मवीर भंडारी का कहना है कि 16 साल से दुकानदारी करता आ रहा हूं लेकिन आपदा से बेरोजगार हो गया। व्यापारी युद्धवीर भंडारी का कहना है आपदा से पूर्णरूप से प्रभावित हो गया हूं। शासन-प्रशासन ने अब तक मदद नहीं की है।
व्यापारी मनोज रावत का कहना है कि आपदा की रिपोर्ट शासन प्रशासन को दी थी और रोजगार के विषय में अवगत कराया तो उन्हें दुकान खाली करने के नोटिस दे दिए गए। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई है।