कोटद्वार। हैप्पी होम स्कूल में आयोजित वार्षिक एथलेटिक मीट 2026-27 में विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बाद होप हाउस ने ग्लैडविन मेमोरियल शील्ड जीतकर हाउस चैंपियनशिप अपने नाम की।
एथलेटिक मीट का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर आयुक्त पीएल शाह, स्कूल की निदेशक उषा सिंह और विशिष्ट अतिथि विभा धूलिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर आयोजन का आगाज किया गया। नगर आयुक्त पीएल शाह ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या शालिनी सिंह की देखरेख में वेलर, हार्मनी, विक्ट्री और होप हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। समूह गान और समूह नृत्य की प्रस्तुतियों ने भी समारोह में रंग जमाया।
एथलेटिक मीट में दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, गोला फेंक और रिले रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों की माता की 50 मीटर दौड़ और पिता की गोला फेंक प्रतियोगिता हुई। विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। हाउस चैंपियनशिप में होप हाउस प्रथम, हार्मनी हाउस द्वितीय, वेलर हाउस तृतीय और विक्ट्री हाउस चौथे स्थान पर रहा।
सीनियर बालक वर्ग में मोहित और जूनियर वर्ग में प्रिंस रावत को बेस्ट एथलीट चुना गया। दोनों को कुंवर राज सिंह मेमोरियल ट्रॉफी प्रदान की गई। बालिका वर्ग में अंबिका बिष्ट ने बेस्ट एथलीट का खिताब जीता, जबकि ईशा ध्यानी और अदिति को उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया। समापन पर निदेशक उषा सिंह ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता पर सभी का आभार जताया।