कोटद्वार। घरेलू सामान की डिलीवरी करने वाली कंपनी के राइडर्स की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। राइडर्स ने देवी रोड स्थित स्टोर पर प्रदर्शन कर कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद तहसील पहुंचकर एसडीएम संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। राइडर्स ने भुगतान में मनमानी और शोषण का आरोप लगाते हुए मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
राइडर्स ने कहा कि कंपनी एक किलोमीटर तक डिलीवरी के लिए 12 रुपये देती है जबकि अतिरिक्त दूरी का भुगतान मनमाने तरीके से किया जाता है। उन्होंने प्रति ऑर्डर कमाई और इंसेंटिव बढ़ाने, प्रति किलोमीटर भुगतान का चार्ट स्टोर पर प्रदर्शित करने की मांग की। इसके अलावा गूगल मैप अपडेट करने, नाइट शिफ्ट में बीमा सुविधा देने और डिलीवरी के बाद स्टोर लौटने की दूरी का भुगतान करने की मांग उठाई।
राइडर्स ने ऑर्डर रद्द होने पर पूरा भुगतान देने, लक्ष्य पूरा न होने पर इंसेंटिव नहीं रोकने, ग्राहक का वेटिंग टाइम 15 से घटाकर पांच मिनट करने और रिटर्न डिलीवरी का पूरा भुगतान देने की मांग की। लंबी दूरी के ऑर्डर पर उचित भुगतान और सभी राइडर्स को बोनस फ्लैग देने की मांग की। गुलदार प्रभावित और खतरनाक क्षेत्रों में अकेले राइडर को नहीं भेजने की बात भी कही।
हड़ताल के चलते मंगलवार को भी डिलीवरी सेवा प्रभावित रही। कई ग्राहक ऑर्डर के इंतजार में रहे। राइडर्स ने कंपनी के अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों में पार्षद सौरव नौडियाल, यूकेडी नेता रोहित डंडरियाल, रोहित नेगी, आशीष नेगी, राजू थापा, दीपक जखमोला, सुनील, गोलू, जनार्दन प्रसाद, ऋषि ध्यानी, गौरव अग्रवाल, संतन सिंह रावत, अनुराग, कृष, अभय सहित अन्य राइडर्स शामिल रहे।