हिंदी दिवस पर स्कूलों और संस्थाओं में आयोजित हुए कार्यक्रम, हिंदी के उन्नयन पर हुई चर्चा
कोटद्वार/लैंसडौन। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में स्कूलों एवं विभिन्न संस्थाओं की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित कर हिंदी के उन्नयन पर चर्चा की गई।
मेरा युवा भारत पौड़ी गढ़वाल की ओर से हिंदी दिवस पर अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज श्रीकोटखाल में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सक संदीप कुमार, विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य संजय सिंह रावत की उपस्थिति में भाषण प्रतियोगिता में प्रोणिता असवाल ने प्रथम, श्वेता ने द्वितीय एवं ईशा ध्यानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सहायक अध्यापक यशवंत सिंह रावत निर्णायक रहे।
युवा स्वयंसेवी ममता नेगी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि यह दिवस हमारी सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है। प्रधानाचार्य संजय सिंह रावत ने आधुनिक हिंदी साहित्य के जनक भारतेंदु हरिश्चंद्र के संबंध में जानकारी साझा की। इंदु नेगी, प्रमेश सकलानी, करन सिंह, तृप्ति, पूनम, निखिल पंत, मानसी आदि शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित रहे।
वहीं, आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडौन में सोमवार को हिंदी दिवस कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा में हिंदी कविता एवं भाषण से हुई। विद्यार्थियों द्वारा कविता, दोहे, संस्कृत श्लोक, संस्कृत छंद और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। 7 से 14 सितंबर तक विद्यालय में हिंदी सप्ताह के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। प्रधानाचार्य विजेंद्र दत्त सुंद्रियाल ने कहा कि हिंदी भाषा हमें एकता के सूत्र में बांधती है।