सड़क के दूसरे हिस्से में खोदाई शुरू होते ही दिनभर प्रभावित रही आवाजाही
कोटद्वार। झंडाचौक के समीप बदरीनाथ मार्ग पर नगर निगम की ओर से कराए जा रहे नाला निर्माण से शनिवार को शहर में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के एक हिस्से का निर्माण पूरा होने के बाद कार्यदायी संस्था ने दूसरी ओर खोदाई शुरू कर दी जिससे मार्ग संकरा हो गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने मैदानी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर पटेल मार्ग के रास्ते तहसील चौराहे से हाईवे पर निकाला। इसके बावजूद झंडाचौक, तहसील चौराहा और पटेल मार्ग पर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम खुलवाने के लिए पुलिस को पसीने छूट गए।
बदरीनाथ मार्ग (एनएच) में झंडाचौक क्षेत्र के समीप नाला चोक होने के कारण बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती थी। क्षेत्रवासियों की मांग पर नगर निगम ने 22 मई से छह लाख रुपये की लागत से ह्यूम पाइप डालकर नाला निर्माण कार्य शुरू कराया था। पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद शनिवार को सड़क के दूसरे हिस्से में खुदाई शुरू की गई।
सुबह से ही मार्ग पर जाम लगने के कारण पुलिस ने रूट डायवर्ट कर मैदानी क्षेत्र से पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही झंडाचौक से पटेल मार्ग की ओर टर्न करते हुए तहसील चौराहे पर हाईवे में कराई, लेकिन इसके बाद भी जाम से कोई राहत नहीं मिली। हाईवे पर बढ़ते यातायात के दबाव के कारण दोपहर करीब एक बजे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। झंडाचौक से लेकर पोस्ट ऑफिस तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, पटेल मार्ग पर अतिरिक्त यातायात का दबाव बढ़ने से वहां भी रुक-रुक कर जाम लगता रहा। भीषण गर्मी के बीच वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नाले के दूसरे हिस्से का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। अगले पांच दिनों में निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद दो सप्ताह के भीतर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
-पीएल शाह, नगर आयुक्त कोटद्वार।