क्षेत्रीय विधायक व संसदीय सचिव गणेश गोदियाल ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनता की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर उन्होंने विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं की।
गोदियाल की मौजूदगी में ग्राम सभा श्रीकोट गंगानाली की बैठक संपन्न हुई। इस मौके पर जनता ने श्रीकोट को नगर पंचायत बनाने और रास्तों के किनारे पक्की नालियों के निर्माण की मांग की। जिस पर उन्होंने ग्राम सभा को नगर पंचायत संबंधी प्रस्ताव भेजने की बात कही। वहीं, लोनिवि को पक्की नालियों के निर्माण हेतु आगणन बनाने के निर्देश दिए। विधायक ने खेल मैदान की चाहरदीवारी के निर्माण हेतु आगामी एससीपी (स्पेशल कंपोनेंट प्लान) में पांच लाख रुपये स्वीकृत कराने, गंगा आरती के कक्ष के लिए ढाई लाख रुपये और महिला कीर्तन मंडलियों को सामग्री खरीद के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
इससे पूर्व उन्होंने मंदोली का भ्रमण भी किया। यहां उन्होंने मंदोली के पंचायत भवन की मरम्मत के लिए एक लाख रुपये देने और चकवाली में सीसी मार्ग के लिए 75 हजार रुपये व महिला समूहों को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।
व्यायामशाला का उद्घाटन किया
विधायक ने श्रीनगर बाजार में विद्या मंदिर मार्ग पर स्थित व्यायामशाला का उद्घाटन किया। इस मौके पर कांग्रेस नगर कमेटी अध्यक्ष बीरेंद्र नेगी, उम्मेद सिंह मेहरा और गणेश भट्ट आदि मौजूद थे।