राठ क्षेत्र के बाली कंडारस्यूं पट्टी के कलगडी मल्ली गांव में डायरिया, पीलिया और डिहाइड्रेशन फैलने की अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची।
सीएमओ डॉ. मनीष अग्रवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चिकित्साधिकारी डॉ. जुनैद आलम के नेतृत्व में प्रभावित गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया। 52 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दो बच्चों में पीलिया के लक्षण होने के अंदेशे में सैंपल लिया गया। बीस बच्चों में बुखार, जुकाम और पेट दर्द की शिकायत मिली। इन्हें दवाईयां दी गईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सफाई से संबंधित जानकारी भी दी। चिकित्सा दल में फार्मासिस्ट विजय आनंद, जेपी वर्मा, अमित कुमार, कमला पंवार, निर्मला देवी और मालती देवी आदि शामिल थे।