भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार कोटद्वार पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत का जोरदार स्वागत किया। झंडाचौक पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डा. हरक सिंह रावत ने हरीश रावत सरकार पर प्रहार करते हुए उसे शराब, भूमि और खनन माफिया की सरकार बताया। कहा कि हरीश रावत माफिया सिंडिकेट के रुप में काम कर रहे हैं।
डा. हरक सिंह रावत का कोटद्वार में शाम साढ़े चार बजे पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन वे शाम करीब छह बजे यहां पहुंचे। उनके स्वागत के लिए भाजपाई यूपी बार्डर स्थित कौड़िया चेक पोस्ट पर पहुंचे हुए थे। जहां से ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी के स्वागत करते हुए उन्हें झंडाचौक तक लाया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट गढ़वाली के नेतृत्व में भाजपाइयों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया।
झंडाचौक आयोजित जनसभा में पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत सीएम हरीश रावत पर जमकर बरसे। कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत भूमाफिया, खनन और शराब माफिया के सिंडीकेट के रुप में कार्य कर रहे हैं। कहा कि प्रदेश में 58 दिन राष्ट्रपति शासन लगा रहा, इस दौरान प्रदेश सरकार को खनन से एक हजार करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। इससे पिछले चार वर्षों में खनन का करीब चार सौ करोड़ रुपया हरीश रावत की जेब में गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर कोटद्वार की जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। कहा कि हरीश रावत कोटद्वार को जिला बनाने और मेडिकल कालेज के लिए बजट नहीं होने की बात कर रहे हैं। खनन का पैसा अगर सरकारी खजाने में गया होता तो उन्हें जिला बनाने के लिए बजट का मुंह नहीं ताकना पड़ता। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी पर भी निशाना साधा। कहा कि तीन वर्ष पहले मेडिकल कालेज की कवायद शुरू कर देते तो आज कोटद्वार को मेडिकल कालेज मिल गया होता।
अब तीन और छह महीने में मेडिकल कालेज नहीं बन सकता। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट गढ़वाली, लैंसडौन विधायक दिलीप रावत, पूर्व विधायक शैलेंद्र रावत, उमेश त्रिपाठी, धीरेंद्र चौहान, भूवनेश खर्कवाल, राजेंद्र अंथवाल, विजय लखेड़ा, वीरेंद्र सिंह रावत, अमित भारद्वाज, सुनील गोयल, कैलाश थलेडी, शशि नैनवाल, अनीता आर्य आदि मौजूद थे।