सतपुली। सतपुली हाईवे पर निर्माणाधीन पुल के पास बृहस्पतिवार को शाम सवा चार बजे तेज विस्फोट होने से कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि लोगों के मकान हिलने लगे और कई घरों में फ्रिज के ढक्कन खुल गए। बताया जाता है कि पुल के लिए लाए गए विस्फोटक में आग लगने से तेज विस्फोट हो गया था। लोगों ने निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।
यहां हाईवे पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। पुल की निर्माण सामग्री हाईवे पर ही बनाए गए अस्थायी स्टोर में रखी गई है। बृहस्पतिवार को सतपुली कस्बे में अचानक हुए तेज विस्फोट से लोग सहम गए और घबराकर घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने निर्माणाधीन पुल के पास भारी मात्रा में धुआं उड़ता देखा। इस संबंध में पूछे जाने पर निर्माण एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि अस्थायी स्टोर में निर्माण सामग्री के साथ रखे गए विस्फोटक के आग की चपेट में आने से यह विस्फोट हो गया। तहसीलदार सोबन सिंह रावत ने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।