दुगड्डा के पास गोदी बड़ी गांव में गुलदार के हमले में बच्ची की मौत के तीसरे दिन भी गुलदार पिंजरे में कैद नहीं हो सका। वन विभाग की टीम गांव में डेरा डाले हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार गुलदार की लोकेशन गांव के आसपास ट्रेस नहीं हो रही है।
शनिवार की देर शाम को गोदी बड़ी गांव में एक चार साल की बच्ची आकांक्षा को गुलदार ने मार दिया था। रविवार को वन विभाग ने गांव में गुलदार की लोकेशन जानने के लिए पांच ट्रैप कैमरे और इसके साथ ही दो पिंजरे भी लगाए। मंगलवार शाम तक किसी भी कैमरे में गुलदार ट्रैप नहीं हुआ और न ही वह पिंजरे के पास ही फटका। वन कर्मियों को गांव के आसपास गुलदार के फुट प्रिंट भी नहीं दिखाई दे रहे हैं। गुलदार के नहीं पकड़े जाने के कारण लोगों में गुलदार की दहशत व्याप्त है। दुगड्डा के रेंज अधिकारी किशोर नौटियाल ने बताया कि गोदी बड़ी गांव में गुलदार की लोकेशन नहीं है। गुलदार को पकड़ने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।