संवाद न्यूज एजेंसी
लैंसडौन। लैंसडौन के कान्वेंट स्कूल मार्ग पर बुधवार शाम को एक गुलदार ने दो बाइक सवारों पर हमला कर दिया और बाइक के पीछे दौड़ लगा दी। सवारों ने बाइक भगाकर और हो-हल्ला कर किसी प्रकार जान बचाई। गुलदार के हमले के कारण कान्वेंट स्कूल प्रबंधन ने बृहस्पतिवार को विद्यालय में अवकाश कर दिया। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
घटनाक्रम की प्रत्यक्षदर्शी बसंती नौडियाल ने बताया कि बुधवार शाम करीब 7:00 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर छावनी परिषद कार्यालय से ऊपर की तरफ कान्वेंट स्कूल से चर्च की ओर जाने वाली सड़क पर जा रहे थे। तभी आर्मी स्कूल और कान्वेंट स्कूल के बीच अचानक जंगल से निकलकर एक गुलदार ने उनपर हमला कर दिया। हमले में वे बाल-बाल बचे, इसके बाद गुलदार ने उनके पीछे दौड़ लगा दी। गुलदार को पीछे दौड़ता देख बाइक सवारों के होश उड़ गए। उन्होंने बाइक तेज दौड़ा दी और पीछे बैठे युवक ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया।
बाइक सवार के साथ स्थानीय लोग भी चिल्लाने लगे। हल्ला सुनकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद बाइक सवार की जान पर जान आई। घटना की सूचना मिलते ही कान्वेंट स्कूल में सुरक्षा की दृष्टि से बृहस्पतिवार को अवकाश घोषित कर दिया। आर्मी स्कूल के प्रधानाचार्य ने छात्रों को समूह में आने व जाने की अपील की है।
-
आर्मी और कान्वेंट स्कूल के पास दो शावकों के साथ दिखाई दे रहा है गुलदार
बुधवार से ही गुलदार दो शावकों के साथ आर्मी और कान्वेंट स्कूल के पास दिखाई दे रहा है। लोनिवि के चालक दिनेश रावत के 13 वर्षीय पुत्र को बुधवार को करीब 11.30 बजे कान्वेंट स्कूल के रोड से ऊपर वाले खेत में गुलदार बैठा दिखाई दिया। बृहस्पतिवार दोपहर में पूर्व छावनी परिषद सदस्य राजेंद्र राणा और महिपाल रावत को गुलदार के साथ उसके दो शावक भी दिखाई दिए। क्षेत्र में शावकों के साथ घूम रहे गुलदार के कारण लोगाें में दहशत व्याप्त है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार से सुरक्षा करने की मांग की है।
गुलदार के हमले की सूचना मिलते ही नागरिकों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। बुधवार शाम से क्षेत्र में वन दरोगा प्रवीण सिंह रावत के साथ वन कर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
- राकेश चंद्र, लैंसडौन रेंज अधिकारी