संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर-28 नींबूचौड़ के नागरिकों में माया गदेरे को रुख पलटने से दहशत है। उन्होंने गदेरे का रुख मूल स्वरूप में करवाने की मांग उठाई है। नागरिकों ने इस संबंध में बृहस्पतिवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम सोहन सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपा है।
नींबूचौड़ के नागरिकों ने ज्ञापन में कहा कि माया गदेरे का पानी विगत कई वर्षों से जीआईसी घमंडपुर, दुर्गापुर, खूनीबड़ होते हुए प्राथमिक विद्यालय नींबूचौड़ के समीप सुखरो नदी में मिलता है। वर्तमान में कोटद्वार-किशनपुर मार्ग पर घमंडपुर में लोनिवि की ओर से बनाए गए पुलिया के समीप कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर पुलिया को बंद कर दिया है। साथ ही उसके ऊपर दुकान, भवन व चहारदीवारी बना दी है।
लोनिवि द्वारा नाली का निर्माण करा माया गदेरे का रुख नींबूचौड़ चौराहे की ओर मोड़ दिया है, जिससे गदेरे का पानी घमंडपुर, नींबूचौड़, खूनीबड़, बाखल में लोगों के घरों में घुस रहा है। कहा कि नाला निर्माण के दौरान लोगों की पेयजल लाइनें भी टूट गई हैं। ज्ञापन में उन्होंने गदेरे के रुख को मूल स्वरूप में करवाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में सोहन लाल, धीरेंद्र रावत, मनोज गुसाईं, जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र सिंह रावत, हिम्मत सिंह नेगी, ओमप्रकाश कोठला आदि मौजूद रहे।
फोटो समाचार